सोशल मीडिया पर कुख्यात गैंगस्टर का महिमामंडन करने और उसके नाम से जैकेट बेचने की कार्रवाई का समर्थन करने वाली इंस्टाग्राम रील बनाकर वायरल करने वाले एक युवक को राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
ये भी पढ़ें:भाजपा प्रदेश प्रभारी का बड़ा बयान, बोले- SIR से घबराई कांग्रेस, मतदाता सूची का शुद्ध होना जरूरी
पुलिस के अनुसार 26 नवंबर को बोरानाड़ा थाना पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर के नाम से जैकेट बेचने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया था। इसी कार्रवाई के विरोध में इंस्टाग्राम आईडी ss_tiger_5023 और sd_ss_tiger_29 से एक रील वायरल हुई, जिसमें गैंगस्टर का समर्थन एवं महिमामंडन किया गया था।
मामला सामने आते ही राजीव गांधी नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और तकनीकी व असूचना संकलन के आधार पर रील बनाने वाले युवक की पहचान की। पुलिस ने आरोपी दिनेश देवासी पुत्र मोडाराम देवासी, उम्र 22 वर्ष, निवासी चावण्डा, थाना राजीव गांधी नगर, जोधपुर पश्चिम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताया जा रहा है तथा उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर करीब 18 हजार फॉलोअर्स हैं।
पुलिस ने बताया कि युवक ने गैंगस्टर के नाम से जैकेट बेचने की कार्रवाई का विरोध करते हुए रील बनाई थी, जो सोशल मीडिया पर तेजी से फैली। आरोपी के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की गई है।
बहरहाल गैंगस्टर की तारीफ करने वालों पर पुलिस की कार्रवाईया लगातार जारी है और एक के बाद एक जोधपुर में यह दूसरी कार्रवाई देखने को मिली है
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपराधी या गैंगस्टर का महिमामंडन करने से बचें। ऐसा करने पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।