राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता ने शुक्रवार को बूंदी के बालचंदपाड़ा क्षेत्र स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल और रामगंज बालाजी स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के वार्षिक उत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस कार्यक्रम में शिक्षा विभाग कोटा की संयुक्त निदेशक तेज कंवर, पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत, पूर्व सभापति महावीर मोदी, वरिष्ठ पत्रकार विजयंत सिंह और 'मन की बात' के संयोजक भरत शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बालचंदपाड़ा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजीव दत्ता ने कहा कि बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा मूलभूत आवश्यकता है और यह व्यापक जागरूकता का माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान युग में शिक्षा के कई विकल्प और अवसर मौजूद हैं और बच्चों को शिक्षा के उचित अवसर प्रदान करके देश की नींव को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए तत्पर हैं और बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
इसके साथ ही उन्होंने स्कूल की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए टीन शेड निर्माण और अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण संबंधी सुझाव भी दिए। उन्होंने शारीरिक शिक्षक से विद्यालय की खेल सुविधाओं के बारे में जानकारी भी मांगी। कार्यक्रम के दौरान दत्ता ने खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 108 होनहार विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग की संयुक्त निदेशक तेज कंवर ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में प्रगति के लिए शिक्षा का आधार होना जरूरी है।