राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। एक दिन पहले घर से लापता हुए युवक का शव संदिग्ध हालात में एक दुकान में मिला। इसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने परिजनों को दी घटना की जानकारी
आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देने के साथ ही घटनास्थल का मौका मुआयना कर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
रीको इंडस्ट्रीज एरिया से बरामद हुआ शव
एक दिन पहले लापता हुए युवक का शुक्रवार को बाड़मेर शहर के रीको इंडस्ट्रीज एरिया में स्थित एक दुकान में शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डिप्टी रमेश कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
पेशे से मेकैनिक था युवक
युवक इसी दुकान में मेकैनिक का काम करता था, जहां उसका शव फंदे से लटकता हुआ मिला। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देने के साथ ही घटनास्थल का मौका मुआयना कर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
ये भी पढ़ें: पुड़ी सेंटर से सैंपल लेना फूड इंस्पेक्टर को पड़ा भारी, सीएमएचओ ने थमाया कार्यमुक्ति का लेटर
पुलिस ने क्या बताया?
बाड़मेर उपाधीक्षक रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान विक्रम पुत्र बाबूलाल माली (22) निवासी गंगाई नगर, रीको थाना क्षेत्र, बाड़मेर के रूप में हुई है। युवक का शव रीको इंडस्ट्रीज एरिया की एक दुकान में फंदे से लटका हुआ पाया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। उन्होंने बताया कि युवक कल सुबह से लापता था और परिजनों ने गुरुवार शाम को इस संबंध में थाने में सूचना दी थी। इस घटना को लेकर मृतक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।