राजस्थान के बालोतरा शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के चलते एक युवक गंभीर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो गया। पुलिस के अनुसार युवक ने आरोप लगाया कि एक विवाहित महिला के बुलावे पर उसके घर जाने के बाद उसे बेरहमी से पीटा गया, बंधक बनाया गया और अमानवीय तरीके से अपमानित किया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक ने बताया कि कुछ समय पहले उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक महिला से दोस्ती की थी। बातचीत धीरे-धीरे बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई। महिला ने स्वयं उसे मिलने के लिए बुलाया, जिससे युवक ने उसके घर जाने का निर्णय लिया।
अचानक बदला माहौल
युवक का आरोप है कि जब वह महिला के घर पहुंचा, तो शुरुआत में सब कुछ सामान्य था। लेकिन थोड़ी ही देर बाद महिला का पति वहां पहुंच गया। युवक की मौजूदगी का पता चलते ही पति ने अपने रिश्तेदारों और कुछ परिचितों को बुला लिया। युवक पिछले दो साल से महिला के संपर्क में था। इसके बाद सभी ने मिलकर युवक को घेर लिया और बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। उसे न सिर्फ पीटा गया, बल्कि जबरन बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया गया।
गर्म तार और अमानवीय कृत्यों का आरोप
युवक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसे कमरे में बंद करके गर्म तार से पीटा गया, सिगरेट से जलाया गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के बाद उसे जबरन पेशाब पिलाया गया और अपमानित करने के उद्देश्य से बिना कपड़ों का वीडियो बनाया गया। यह पूरा घटनाक्रम कई घंटों तक चला और लगातार धमकियां दी जाती रहीं।
किसी तरह थाने पहुंचा पीड़ित
युवक ने बताया कि किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से बचकर थाने पहुंचा और पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थानाधिकारी हिंगलाज दान ने कहा कि युवक की शिकायत के आधार पर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मेडिकल रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों की तलाश जारी है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।