अलवर शहर में मोबाइल छीनकर ले जाने की घटना अक्सर सामने आती है। मामला शहर के वैशाली नगर थाना इलाके के अंबेडकर नगर सी ब्लॉक में देखने को मिला। जहां पर कल शाम (मंगलवार) को करीब सात बजे के करीब दो बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर के हाथ से झपटा मारकर मोबाइल छीन कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार यह सब इंस्पेक्टर मेरठ में तैनात हैं और छुट्टी पर अपने घर आये हुए थे। इस घटना के बारे में उन्होंने वैशाली नगर थाना पहुंचकर पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी।
सब इंस्पेक्टर जगदीश सिंह ने बताया वह मेरठ में 108वींं बटालियन में तैनात है और अंबेडकर नगर सी ब्लॉक में किराए के मकान पर रहते हैं और मूल निवासी व जिला भरतपुर गांव सांगोरा है। कल शाम को वह रोज की तरह घूम रहे थे और किसी फ्रेंड से मोबाइल पर बात कर रहे थे, तभी वहां पर बाइक पर दो बदमाश आए और उनके हाथ में रेडमी का मोबाइल छीनकर वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया उनका 200 मीटर तक पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आए।
बुधवार की सुबह वह वैशाली नगर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। ऐसे मामले अत्यधिक अलवर शहर में देखने को मिल रहे हैं। लगातार पुलिस उन पर कार्रवाई भी करती है, लेकिन अपराधियों के हौसले दिन पर दिन बुलंद होते नजर आ रहे हैं।