अलवर में आगामी 9 फरवरी को सांसद टाइगर मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस दौड़ को अलवर के पर्यटन स्थलों से भी जोड़ा गया है, जिससे प्रतिभागियों को शहर के ऐतिहासिक और दर्शनीय स्थलों का परिचय भी मिलेगा।
जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने रविवार को शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यह दौड़ 21 किलोमीटर की होगी, जो प्रताप ऑडिटोरियम से शुरू होकर भवानी तोप, कटी घाटी, ढाई पेड़ी, परशुराम सर्किल होते हुए वापस प्रताप ऑडिटोरियम पर समाप्त होगी।
प्रशासन ने इस मैराथन के लिए पूरी तैयारी कर ली है। सभी रूटों का निरीक्षण किया जा चुका है और शेष स्थानों की जांच जारी है। पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। मैराथन के दौरान पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
दिव्यांगों और बाहरी प्रतिभागियों को आमंत्रण
जिला कलेक्टर ने बताया कि दिव्यांगों को भी इस दौड़ में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अलावा, अन्य शहरों से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी अलवर आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से अलवर की एक सकारात्मक छवि बनेगी, जिससे बाहर से आने वाले लोग यहां की खूबसूरती और ऐतिहासिक धरोहर को बेहतर तरीके से जान सकेंगे।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
कलेक्टर ने कहा, "हमारा पूरा फोकस यह है कि जो भी लोग बाहर से आ रहे हैं, वे अलवर को अच्छी तरह से जानें और यहां का अनुभव यादगार बनाएं।" मैराथन अलवर को एक पर्यटन हब के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी, जिससे बाहर से आने वाले लोग बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित होंगे।