फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Alwar News: अलवर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, ससुराल वालों पर छत से धक्का देकर हत्या करने का आरोप

Sun, 20 Apr 2025 07:14 PM IST
अलवर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर

अलवर जिले के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र के अंतर्गत बास कृपाल नगर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उसे छत से धक्का देकर जान से मार दिया गया। इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। फिलहाल पुलिस ने जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में मामला दर्ज कर लिया है।
 
मृतका के चाचा का गंभीर आरोप
मृतका की पहचान बबीता पत्नी भगत सिंह प्रजापत के रूप में हुई है, जिसकी शादी 16 मई 2022 को सम्मेलन विवाह में हुई थी। बबीता के चाचा अमरसिंह प्रजापत ने बताया कि बबीता को उसका पति भगत सिंह, ननद सुंदरी देवी, देवरानी कृपा और मोना, देवर फज्जर और भेरू आए दिन मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उनके अनुसार, बबीता से दहेज में बाइक की मांग की जाती थी, जबकि शादी में पहले से ही हैसियत के अनुसार दहेज दिया गया था।

यह भी पढ़ें- Rajasthan: सरकारी नौकरी की ओर उमड़ी बेरोजगारों की भीड़; NHM, कंडक्टर और चतुर्थ श्रेणी की भर्ती में लाखों आवेदन
 
रूप-रंग पर की जाती थी टिप्पणी
परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले बबीता के रंगरूप को लेकर भी उसे ताने देते थे। यह कहते थे कि उसकी शादी तो सम्मेलन में हुई है, इसलिए वह उनके लायक नहीं है। इस वजह से ससुराल में उसे कभी अपनाया ही नहीं गया और आए दिन उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता रहा।
 
छत से गिरने की घटना बनी मौत की वजह
परिवार वालों ने बताया कि सोमवार देर शाम बबीता छत पर थी, तभी उसका पति भगत सिंह वहां आया। दोनों के बीच पहले से तनाव था और छत पर भी झगड़ा हुआ। इस झगड़े के बाद बबीता छत से नीचे गिर गई। गंभीर चोट लगने के बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
 
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा
किशनगढ़बास थाना पुलिस ने बबीता के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवा कर उसे परिजनों को सौंप दिया है। चूंकि मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए पुलिस ने पूरे मामले की जांच का जिम्मा उप पुलिस अधीक्षक को सौंपा है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है और प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

यह भी पढ़ें- Rajasthan Politics: PCC चीफ डोटासरा बोले- मुख्यमंत्री को तकलीफ आने वाली है, इसलिए बढ़ गए हैं दिल्ली के चक्कर
 
महिला थाने को सौंपी जाएगी जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चूंकि यह महिला की संदिग्ध मौत का मामला है, इसलिए इसकी जांच महिला थाना करेगा। प्रारंभिक जांच में दहेज उत्पीड़न और हत्या की संभावना को नकारा नहीं जा सकता। अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
 
परिजन कर रहे न्याय की मांग
बबीता के परिजनों ने प्रशासन से अपील की है कि उन्हें जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए और ससुराल पक्ष के दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि बबीता की मौत महज एक हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें