फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

India-Pak Tension: तिरंगा रैली निकाल कांग्रेस ने किया ऑपरेशन सिंदूर को सलाम, जूली ने भारतीय सेना पर क्या कहा?

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर Updated Sat, 10 May 2025 03:40 PM IST

भारतीय सेना द्वारा हाल ही में अंजाम दिए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' की वीरता और रणनीतिक सफलता को सलाम करते हुए कांग्रेस पार्टी ने अलवर में एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया। यह रैली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पीसीसी मुख्यालय इंदिरा गांधी भवन से शहीद स्मारक तक निकाली गई। रैली में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।
 
रैली के माध्यम से भारतीय सेना और सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को नमन किया गया। कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने कहा कि भारतीय सेना ने जिस कुशलता और बहादुरी से ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया, वह न केवल सेना की उच्च रणनीतिक क्षमता का प्रमाण है बल्कि उनके नैतिक कर्तव्य और राष्ट्रीय समर्पण की भावना को भी दर्शाता है।

यह भी पढ़ें- भारत-पाक तनाव: जयपुर CMO में सर्वदलीय बैठक संपन्न, विपक्ष ने मुख्यमंत्री को दिया एकजुट समर्थन
 
‘ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद पर सटीक प्रहार’
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में हुए कायराना आतंकी हमले के खिलाफ भारतीय सेना का ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य ऑपरेशन नहीं बल्कि भारत की राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में उन आतंकियों के मंसूबों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, जो निर्दोष नागरिकों की हत्या में शामिल थे।
 
टीकाराम जूली ने यह भी कहा कि भारतीय सेना ने अतीत में भी 1965, 1971 और 1999 के युद्धों में पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। आज अगर फिर ऐसी परिस्थिति आती है, तो भारत की सेना दुश्मन को उसी तरह पराजित करने में सक्षम है।
 
शहीदों को श्रद्धांजलि और जवानों को सम्मान
तिरंगा रैली का उद्देश्य केवल देशभक्ति का प्रदर्शन भर नहीं था, बल्कि यह उन शहीदों के प्रति सम्मान का भाव था, जिन्होंने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी। साथ ही यह सीमा पर तैनात जवानों के मनोबल को नई ऊर्जा देने का प्रयास भी था। रैली के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और सेना के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

यह भी पढ़ें- India-Pak tension: भाटी ने आम लोगों को आपात स्थिति को लेकर किया सतर्क, कहा- सरकार हर चुनौती से निपटने को तैयार
 
टीकाराम जूली ने कहा कि तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरना हमारा गौरव है। यह तिरंगा उन वीरों की पहचान है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए सब कुछ न्यौछावर कर दिया। आज का भारत आतंकवाद को न सिर्फ पहचानता है, बल्कि उसे जड़ से मिटाने का संकल्प भी रखता है।
 
'भारतीय सेना हमारा गौरव है'
टीकाराम जूली ने भारतीय सेना को देश का गर्व बताते हुए कहा कि उनकी बहादुरी, अनुशासन और राष्ट्रीय प्रतिबद्धता हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा आतंकवाद का डटकर मुकाबला किया है और आगे भी करेगा। ऑपरेशन सिंदूर यह दिखाता है कि भारत आतंकवाद और उसे संरक्षण देने वालों को कभी माफ नहीं करेगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें