जालंधर-फिल्लौर हाईवे पर तड़के एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब सुबह करीब 5 बजे एक ट्रैक्टर-ट्राला अनियंत्रित होकर हाईवे की रेलिंग तोड़ते हुए हवा में लटक गया। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण वाहन संतुलन खो बैठा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और ड्राइवर सुरक्षित बच गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्राले को हटाने के लिए तुरंत तीन क्रेन बुलवाई गईं। हालांकि ट्राले का वजन अधिक होने के कारण उसे हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। क्रेन चालक अमरिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 5:30 बजे घटना की सूचना मिली। उन्होंने पुष्टि की कि ड्राइवर को नींद आने के कारण हादसा हुआ। वहीं बस ड्राइवर गुरजीत सिंह ने भी झपकी को ही दुर्घटना का कारण बताया। मौके पर मौजूद तीनों क्रेनें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रहीं, लेकिन भारी वजन के कारण ट्राले को हटाने में समय लग रहा है। प्रशासन ट्रैफिक को सुचारू करने के प्रयास में लगा हुआ है, ताकि हाईवे पर आवागमन सामान्य हो सके।