शाहरपुरकंडी बैराज ओस्ती संघर्ष कमेटी का एक शिष्टमंडल वीरवार को एसडीएम धारकलां शंकर शर्मा से अध्यक्ष जसवंत सिंह संधू के नेतृत्व में मिला। हालांकि पिछले कुछ दिनों से रणजीत सागर बांध परियोजना के चीफ इंजीनियर कार्यालय बाहर कमेटी सदस्यों का धरना जारी है। धरने में ओस्ती परिवारों ने शासन एवं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जानकारी देते हुए जसवंत सिंह संधू ने कहा कि आज उनके कमेटी सदस्यों की ओर से मांगों को लेकर एसडीएम धार कला को एक ज्ञापन सोपा गया है। कहा कि ओस्ती परिवार अपने हक के लिए पिछले एक साल से भी ज्यादा समय से परियोजना के चीफ इंजीनियर कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। यहां तक कि बरसात आंधी तूफान में भी उनका संघर्ष जारी रहा है। लेकिन, शासन एवं प्रशासन से उन्हें मात्र आश्वासनों के अलावा कुछ भी नहीं मिला। चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने ओस्ती परिवारों की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया तो आने वाले समय में मजबूरन ओस्ती परिवार विशाल रोष प्रदर्शन करने को मजबूर हाेंगे, जिसमें किसान जथेबंदियों को भी बुलाया जाएगा। जिससे निकलने वाले परिणामों की जिम्मेदारी डैम प्रशासन एवं पंजाब सरकार की होगी। 12 अप्रैल को पठानकोट पहुंचने पर सीएम पंजाब के साथ अगर उनकी मुलाकात नहीं हुई तो वह काले झंडों के साथ सी एम का स्वागत करेंगे। इस मौके सोहन लाल, रोशन भगत, विनोद शर्मा, साहिल सलारिया, रोहित कुमार, दलीप सिंह, रविंदर कुमार आदि मौजूद रहे।