मोगा पुलिस ने ज्वेलरी की दुकानों पर ग्राहक बनकर सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो महिला सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से सोने की दो अंगूठी और एक आई-20 कार बरामद की है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले कैंप मार्केट स्थित ननकाना ज्वेलर्स की दुकान पर दो महिला और एक व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचे। उन्होंने दुकानदार हरबिंदर सिंह से सोने की अलग-अलग डिजाइन की अंगूठियां दिखाने की मांग की और बातों में उलझाकर दुकान से सोने की दो अंगूठियां चोरी कर फरार हो गए। बाद में दुकानदार को माल की जांच के दौरान आभूषण गायब मिलने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया, जिसमें चोरी की पूरी वारदात सामने आई। दुकानदार की शिकायत पर थाना मोगा सिटी 1 पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी व तकनीकी जांच की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निर्मल कौर, सतिंदर कौर और कमलजीत सिंह, निवासी अमृतसर, के रूप में हुई है। दोनों महिला आरोपियों पर पहले से ही 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि गिरोह की अन्य वारदातों और नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की जा सके।