विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बुधवार को अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्ट एवं स्टेट अवार्डी बलराज सिंह चौहान की अगुवाई में शहर में जागरूकता साइकिल रैली निकाली गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने "साइकिल चलाओ-रोग भगाओ" और "साइकिल चलाओ-प्रदूषण बचाओ" जैसे संदेश देकर लोगों को साइकिलिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया। यह रैली शहर के विभिन्न बाजारों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस अवसर पर बलराज सिंह चौहान ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में लोग अपनी सेहत के प्रति लापरवाह होते जा रहे हैं और पूरी तरह मशीनों पर निर्भर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम जरूरी है और साइकिलिंग इसका सबसे सरल, सस्ता और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा साइकिल चलाने की अपील करते हुए कहा कि इससे न केवल शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, बल्कि प्रकृति के करीब रहने का अवसर भी मिलता है।