मुक्तसर में पंजाब बचाओ रैली को संबोधित करने पहुंचे शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने प्रेसवार्ता दौरान कहा कि प्रदेश में जहां ओलावृष्टि हुई है, वहां बहुत नुकसान हुआ है। भगवंत मान ने सरकार बनने से पहले वादा किया था कि वे ऐसे हालातों में पीड़ितों को तुरंत मुआवजा देंगे। यहां तक कि सर्वे भी बाद में होगा, पहले मुआवजा मिलेगा। इसलिए वे मुख्यमंत्री से अपील करते हैं कि वादे अनुसार 50 हजार रुपये प्रति एकड़ पीड़ित किसानों को तुरंत दो। उन्होंने शिअद कार्यकर्ताओं से भी पीड़ित किसानों का साथ देने को कहा। उन्होंने कहा कि शिअद पीड़ितों की जितनी मदद कर सकता है, वह करेगा। नशे के मुद्दे पर सुखबीर बादल ने कहा कि नशा बेचने वालों का झाड़ू वालों के साथ महीना बंधा हुआ है। नशे के लिए आप सरकार खुद जिम्मेदार है।