सेक्टर-82 स्थित पुल के नीचे मंगलवार सुबह एक युवक का शव पुल से लटका हुआ मिला। सुबह वहां से गुजर रहे एक राहगीर की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद आसपास के लोगों और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया । पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान चंडीगढ़ निवासी आदित्य के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर कार्यरत था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिवार का आरोप है कि कुछ दिन पहले आदित्य का मोबाइल फोन चोरी हो गया था, जिसकी शिकायत उसने पुलिस को दी थी। शिकायत में उसने इलाके के दो-तीन युवकों के नाम भी बताए थे।