जगरांव शहर के हरि सिंह रोड पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ठेकेदारों और अधिकारियों की लापरवाही से नई बनी सड़क के किनारे जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान अचानक गैस पाइपलाइन फट गई, जिससे इलाके में गैस रिसाव शुरू हो गया और लोगों में दहशत फैल गई। गैस की तेज बदबू फैलते ही आसपास के घरों और दुकानों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड, संबंधित अधिकारियों और गैस पाइपलाइन डालने वाले ठेकेदार को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ समय पहले ही बनी सड़क के किनारे जेसीबी से खुदाई की जा रही थी, तभी सड़क के नीचे बिछी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। गैस रिसाव होते ही मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। करीब आधे घंटे तक इलाके में डर और दहशत का माहौल बना रहा। खासकर सांस संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शहर की शायद ही कोई गली या सड़क बची हो जहां मौत का जाल न बिछा हो। लोगों का कहना है कि पाइपलाइनें सड़क की सतह के बेहद करीब डाली गई हैं, जिसके चलते मामूली खुदाई में भी पाइपलाइन फटने का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।