जामा मस्जिद लुधियाना सहित विभिन्न मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुसलमानों ने ईद उल अज़हा की नमाज अदा की। इस मौके पर जामा मस्जिद में विभिन्न धर्मो व राजनैतिक पार्टियों के नेता अपने मुसलमान भाईयों को ईद की मुबारकबाद देने के लिए पहुंचे। पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि ईद उल अज़हा हमें कुर्बानी करने का जज्बा देती है उन्होंने कहा कि यह ईद यह भी प्रेरणा देती है कि जब कभी देश को हमारे प्राणों की या धन दौलत की जरूरत हो तो उसे पेश किया जाए। शाही इमाम ने कहा कि देश के कई राज्यों से खबरें देखने को मिलती है कि कुछ राज्य सरकारें ईद के समय सियासत कर रही हैं। वहां नमाज को सड़क पर अदा करने से रोका जा रहा है, जबकि बाकी सभी धर्म के विशेष दिनों में सड़कों पर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी एक समुदाय के साथ ऐसा करना अफ़सोस नाक है। यह भारत की स्वतंत्रत प्रणाली के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए एक जैसा है ऐसा नहीं हो सकता कि किसी को इस सड़क पर आयोजन की परमिशन दी जाए और किसी को ताकत के बल से रोक कर अपनी ही पीठ थपथपाई जाए। शाही इमाम ने कहा कि आज कल देश में फिरका प्रस्त ताकतें धर्म के नाम पर लोगों को बांटने में लगी हुई हैं। इसलिए समूह भारतीयों को व अपने मुसलमान भाईयों को मैं कहना चाहता हूं कि अगर सभी को इन फिरकाप्रस्तों को नाकाम करने के लिए कुर्बानी देने की जरूरत पड़ी, तो हम पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब की रिवायतों में नफरत के लिए कोई जगह नहीं है, जो लोग पंजाब में धर्म के नाम पर नफरत फैला कर अपनी राजनीति चमकाना चाहते है उनकों कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। इस मौके पर विधायक अशोक पराशर पप्पी, चौधरी मदन लाल बग्गा ने मुसलमान भाईचारे को ईद उल अज़हा की मुबारकबाद दी। इस मौके पर पूर्व विधायक व जिला कांग्रेस के अध्यक्ष संजय तलवाड़ ने कहा कि देश में ईद उल अज़हा का त्यौहार सभी धर्मों के लोग आपस में मिल-जुल कर मनाते है और पंजाब की मट्टी में प्यार ही प्यार है यहां नफरत के लिए कोई जगह नहीं। इस मौके पर अपने मुस्लिम भाईयों को ईद की मुबारकबाद देने के लिए गुरूद्वारा दुख निवारण साहिब के मुखय सेवादार प्रितपाल सिंह, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर, गुलाम हसन कैसर व जामा मस्जिद लुधियाना के अध्यक्ष मुहम्मद मुस्तकीम ने कहा कि ईद उल अज़हा का त्यौहार हम सब को आपसी भाईचारे और अपने देश के प्रति कुर्बानी देने के लिए प्रेरित करता है।