कोर्ट में पेशी भुगत कर लौट रहे युवक को कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। वारदात बुधवार को कोर्ट कॉम्प्लेक्स के पीछे वाली गली में हुई। आरोपियों ने युवक की कार में भी तोड़फोड़ की। घायल को डीएमसी अस्पताल दाखिल कराया गया। उसकी पहचान गुरविंदर सिंह कन्नू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इस हमले में कन्नू का एक साथी भी घायल हुआ है जिसकी फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। वारदात की सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी और थाना डिवीजन पांच की पुलिस मौके पर पहुंची। हैबोवाल के जोशी नगर इलाके में दो दिन पहले कुछ युवकों ने गुरविंदर सिंह कन्नू के घर पत्थरबाजी की थी। आरोपियों ने इलाके में कई घरों में पथराव किया था। उस मामले में थाना हैबोवाल में मामला दर्ज है। बुधवार को कन्नू अपने साथी के साथ किसी मामले की पेशी पर आया था। वह पेशी भुगत कर अपनी गाड़ी की तरफ आया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी आशा रानी ने बताया कि पांच-छह लोग एक युवक के पीछे पीछे तलवारें लेकर भाग रहे थे। उक्त युवक के कपड़ों पर खून लगा था। मामले को लेकर एसीपी सिविल लाइन गुरइकबाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित गई हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।