कृषि विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर जगरांव में खाद और कीटनाशकों से संबंधित सामग्री रखने वाले दो कथित अनाधिकृत गोदामों पर कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने इनमें से कोठे फतेहदीन स्थित गोदाम से खाद व कीटनाशकों के सैंपल लिए हैं। विभाग ने संबंधित कंपनी के खिलाफ थाना सिटी जगराओं में शिकायत भी दी है। अब सैंपलों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। मुख्य कृषि अधिकारी लुधियाना गुरदीप सिंह के अनुसार, जिला और ब्लॉक स्तर की कृषि विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरदास राम गोयल एंड कंपनी से संबंधित बताए जा रहे दो गोदामों में खाद व कीटनाशक सामग्री रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने दोनों स्थानों पर कार्रवाई की। विभाग के मुताबिक इनमें से एक गोदाम शेरपुरा रोड स्थित कोठे फतेहदीन में, जबकि दूसरा डिस्पोजल रोड पर बताया गया है। कोठे फतेहदीन स्थित गोदाम से विभागीय टीम ने खाद और कीटनाशकों के सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस को दी शिकायत, रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई मुख्य कृषि अधिकारी गुरदीप सिंह ने बताया कि संबंधित कंपनी के खिलाफ थाना सिटी जगराओं में शिकायत दी गई है। उन्होंने कहा कि सैंपलों की जांच के परिणाम सामने आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, थाना सिटी जगरावं के एएसआई आत्मा सिंह ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से पुलिस को कार्रवाई संबंधी सूचना दी गई है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से लिखित जानकारी मिलने के बाद उसके आधार पर पुलिस द्वारा बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले में सैंपलों की जांच रिपोर्ट और विभाग की आगामी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।