कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के दिशा-निर्देशों पर और एसीपी कैंट सरवनजीत सिंह के नेतृत्व में थाना सदर जालंधर पुलिस ने जोमैटो डिलीवरी बॉय से मोटरसाइकिल लूट के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल की गई एक एक्टिवा भी बरामद की है। पुलिस कमिश्नर ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 दिसंबर 2025 को जोमैटो डिलीवरी बॉय के बयान के आधार पर थाना सदर जालंधर में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह रात के समय फूड डिलीवरी देने के लिए मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी नहरोलिक गोदाम पेट के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उससे मोटरसाइकिल नंबर पिबी08-एफएल-2994 (हीरो स्प्लेंडर, काले रंग की) छीन ली।मामले पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलवंत कुमार उर्फ करण, करमजीत उर्फ शुगली और आर्यन सिंह के रूप में हुई है। एक अन्य आरोपी ईवन, निवासी ताजपुर कॉलोनी, जालंधर अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी आर्यन सिंह के खिलाफ पहले भी थाना भार्गव कैंप जालंधर में लूट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज है। जालंधर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।