जालंधर के गोरायां क्षेत्र में समराड़ी नहर के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट नीचे खेतों में जा पलटी। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार चला रहे बुजुर्ग चालक की किस्मत अच्छी रही और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सड़क पर बने गड्ढे से टकराने के बाद संतुलन खो बैठी और कई पलटियां खाते हुए मुख्य सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। धुलैता गांव के पंच पवित्र सिंह ने बताया कि सफेद रंग की स्विफ्ट कार समराड़ी रोड से अपरा की ओर जा रही थी। कार में केवल एक बुजुर्ग व्यक्ति सवार थे, जो होशियारपुर से अपरा गांव अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर बने गड्ढों को हादसों की बड़ी वजह बताते हुए प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में इससे भी बड़े और जानलेवा हादसे हो सकते हैं।