फगवाड़ा में वेस्ट मैनेजमेंट के बारे में नगर निगम प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस बारे में शिवसेना फगवाड़ा यूनिट के प्रेसिडेंट रमन शर्मा ने कहा कि अफसोस की बात है कि शहर के कुछ हिस्सों में खुले कूड़े के डंप लोगों की ज़िंदगी मुश्किल बना रहे हैं। गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बॉयज (स्कूल ऑफ़ एमिनेंस), अर्बन एस्टेट और होशियारपुर रोड पर खुले कूड़े के डंप इसका एक गंभीर उदाहरण हैं। कूड़े से आने वाली बदबू, मक्खियों-मच्छरों की भरमार और गंदगी से बीमारियां फैलने का डर हमेशा बना रहता है। इसका स्कूली बच्चों पर मानसिक और शारीरिक असर पड़ रहा है, जो भविष्य के लिए चिंता की बात है। वहीं फगवाड़ा के अर्बन एस्टेट पर स्थित कूड़े का डंप बिल्कुल बाहड़ा अस्पताल के नजदीक है और वहीं कूड़े के ढेर पर मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य बीमा योजना का बोर्ड लगा हुआ है। एक तरफ सरकार लोगों को स्वास्थ्य बीमा योजना के द्वारा मुफ्त इलाज की सुविधा दे रही है और वही सरकार कूड़ा ना हटा कर बीमारियां दे रही है। उन्होंने फगवाड़ा प्रशासन से इस गंभीर मुद्दे पर तुरंत ध्यान देने, खुले कूड़े के ढेर हटाने और साफ माहौल बनाने की प्रार्थना की, ताकि स्टूडेंट्स समेत शहर के सभी लोगों की जिंदगी आरामदायक हो सके। साफ फगवाड़ा ही हेल्दी फगवाड़ा होगा।