जालंधर में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत प्रशासन ने एक तस्कर पर सख्त कार्रवाई की है। कोट बाबा दीप सिंह नगर में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी के घर पर बने अवैध निर्माण को तोड़ते हुए ‘पीला पंजा’ चलाया। एसपी आकृर्षि जैन ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम ने पहले कई बार नोटिस जारी किए, लेकिन जवाब न मिलने पर पुलिस सुरक्षा के बीच कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत 5-6 मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल जेल से बाहर है। नगर निगम अधिकारी रविंदर कुमार के अनुसार, मकान का नक्शा पास नहीं था और अवैध उसारी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी के चलते यह कार्रवाई “युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के तहत की गई।