जालंधर में उस वक्त माहौल गरमा गया जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। दरअसल, हाल ही में आप पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों के बागी होने और उनमें से कुछ के भाजपा में शामिल होने की खबर के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखने को मिला। इसी गुस्से के चलते कार्यकर्ताओं ने हरभजन सिंह के घर के बाहर पुतला फूंका, जमकर नारेबाजी की और दीवारों पर ‘गद्दार’ लिख दिया। प्रदर्शनकारियों ने सिर पर काली पट्टियां बांधकर विरोध जताया। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में हालात तनावपूर्ण हो गए और कुछ कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी बहस भी हुई। मौके पर नगर निगम के मेयर विनीत धीर और नीतिन कोहली भी पहुंचे, लेकिन विरोध के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा। मीडिया से बातचीत में आप यूथ विंग पंजाब के जनरल सेक्रेटरी संजीव चौधरी ने कहा कि पंजाब के साथ लगातार अन्याय हो रहा है और जो नेता जनता की आवाज उठाने के लिए राज्यसभा भेजे गए थे, वही अब पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसकी नीतियां शुरू से ही पंजाब के खिलाफ रही हैं। संजीव चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी पंजाब के साथ “गद्दारी” करेगा, उसके खिलाफ इसी तरह विरोध जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने चुनौती दी कि पार्टी छोड़ने वाले नेता इस्तीफा देकर मैदान में उतरें और चुनाव जीतकर दिखाएं। यह घटना जालंधर की राजनीति में बढ़ते तनाव और दल-बदल को लेकर जनता के बीच उबाल को साफ दर्शाती है।