पंजाब के जालंधर में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद ने साम्प्रदायिक तनाव बढ़ गया है। शुक्रवार शाम हुए इस विवाद के बाद हिंदू संगठनों ने शनिवार सुबह 11 बजे श्रीराम चौक पर एकत्र होने का आह्वान किया था। जहां हिंदू संगठनों ने आम आदमी पार्टी के नेता आयूब खान की गिरफ्तारी को लेकर श्री राम के बैनर लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मामला तब शुरू हुआ जब ऑल इंडिया उलेमा के सदस्य कमिश्नर दफ्तर में ज्ञापन देने जा रहे थे। इसी दौरान पोस्ट ऑफिस के पास योगेश नामक युवक ने अल्लाह हू अकबर का नारा सुनकर जय श्रीराम का जयघोष किया, जिसके बाद मौके पर मौजूद कुछ मुस्लिम युवकों ने उसकी स्कूटी घेरकर धक्का-मुक्की की और धमकी दी। योगेश का आरोप है कि जब उसने अल्लाह हू अकबर का नारा लगाने से इनकार किया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद शहर में करीब साढ़े चार घंटे तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हिंदू संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को शनिवार सुबह 11 बजे तक का अल्टीमेटम दिया। देर रात पुलिस ने आप नेता आयूब खान, नमीन खान और दो अन्य के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने, धमकी देने और जबरदस्ती रोकने की धाराओं में मामला दर्ज किया।आयूब खान पहले भाजपा के मुस्लिम विंग के इंचार्ज रह चुके हैं। उनकी पत्नी बस्ती क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में पार्षद चुनी गई थीं। एक साल पहले तक भाजपा में सक्रिय रहने के बाद अब वे आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं।