जालंधर में श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित होने वाली ‘बालाजी की चौकी’ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। साईं दास स्कूल ग्राउंड में होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियों के बीच पुलिस द्वारा टेंट, लाइट और डेकोरेशन का काम रुकवाने के बाद माहौल गर्मा गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल के शामिल होने की घोषणा की गई थी। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता शीतल अंगुराल और मंदिर कमेटी के सदस्यों ने पुलिस कार्रवाई को हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी जरूरी परमिशन होने के बावजूद प्रशासन दबाव में आकर कार्यक्रम रोकने की कोशिश कर रहा है। घटना के बाद ग्राउंड के बाहर नारेबाजी भी की गई। शीतल अंगुराल ने कहा कि बालाजी मंदिर से लाखों श्रद्धालुओं की भावनाएं जुड़ी हैं और किसी भी कीमत पर भजन संध्या को रोका नहीं जाएगा। उन्होंने ऐलान किया कि अगर ग्राउंड के अंदर अनुमति नहीं मिली तो श्रद्धालु सड़क पर बैठकर भजन-कीर्तन करेंगे। मंदिर कमेटी ने भी शहरवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर शहर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।