पठानकोट में एक शादी समारोह की रिसेप्शन पार्टी उस समय तनावपूर्ण माहौल में बदल गई जब थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस एक युवक को गिरफ्तार करने के लिए मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस व युवक के परिजन आमने-सामने हो गए ओर माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस एक लड़की की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करने आई थी। जैसे ही पुलिस युवक को हिरासत करने के लिए पहुंची तो समारोह में मौजूद उसके परिजनों और रिश्तेदारों ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर माहौल गर्मा गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई तक की नौबत आ गई। इसमें एक पुलिस मुलाजिम घायल हो गया। युवक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस बिना कारण के उनके समारोह में पहुंची और जबरदस्ती दूल्हे के भाई को ले जाने लगी। पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, मामले की जांच जारी है।