चंडीगढ़ में गर्मी के मौसम में राहत देने वाला तरबूज अब प्रशासन की कड़ी निगरानी में आ गया है। मुंबई में तरबूज खाने से जुड़ी कथित मौतों की खबरों के बाद चंडीगढ़ के खाद्य सुरक्षा विभाग ने एहतियातन शहरभर में जांच अभियान तेज कर दिया है, ताकि लोगों की सेहत से किसी तरह का जोखिम न हो। विभाग की टीमों ने अलग-अलग स्थानों से अब तक तरबूज के 11 नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बाजार में बिक रहे फल सुरक्षित और स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप हों।