फिरोजपुर के विधानसभा हलका जीरा पुलिस ने भारतीय जाली करेंसी 27,500 रुपये के साथ तरनतारन के दो आरोपियों को काबू किया है। ये सभी नोट पांच-पांच सौ रुपये के थे। थाना सिटी जीरा पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। मनोज कुमार वासी वार्ड नंबर-एक, डाकखाने वाली गली पुलिस को बताया कि उसकी बर्तन बेचने की दुकान है। आरोपी उससे बर्तन खरीदने के लिए आए। उसे पांच सौ रुपये के दो नोट दे गए। जो नकली थे। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी मनप्रीत सिंह वासी खोसा दल सिंह वाला व तरसेम सिंह वासी जोध सिंह वाला, पट्टी जिला तरनतारन को काबू किया। पूछताछ दौरान उनके पास से भारतीय जाली करेंसी 27,500 रुपये बरामद हुए हैं। ये भी सभी नोट पांच-पांच सौ रुपये के थे। पुलिस उनसे पूछताछ करने में जुटी है कि ये जाली करेंसी कहां से आई है। कहीं सरहद पार से तो नहीं आई है। थाना जीरा पुलिस ने उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।