स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सेक्टर-17 और सेक्टर-16 के आसपास विभिन्न स्थानों पर आठ वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इन वर्कशॉप में चंडीगढ़ के युवा कलाकारों ने देशभक्ति की भावना से प्रेरित पेंटिंग बनाकर लोगों को आकर्षित किया। कार्यक्रम में युवा कलाकारों ने तिरंगे और देशभक्ति से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी कलाकृतियां तैयार कीं। इस दौरान रहनुमा नाम की दिव्यांग कलाकार विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। रहनुमा ने अपने पैरों से पेंटिंग बनाकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी कला और आत्मविश्वास ने मौके पर मौजूद लोगों को काफी प्रभावित किया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को कला के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से जोड़ना है। कलाकारों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और बढ़ाया तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश लोगों तक पहुंचाया। वर्कशॉप के दौरान लोगों ने युवा कलाकारों की प्रतिभा की सराहना की और विशेष रूप से रहनुमा के जज्बे और मेहनत की प्रशंसा की। कार्यक्रम में तैयार की गई पेंटिंग्स ने स्वतंत्रता दिवस के माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।