पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तिरंगा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि देश का सौभाग्य है कि आज शहरों से लेकर गांवों और बस्तियों तक योग दिवस उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग और भारत का संबंध प्राचीन काल से रहा है तथा यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राज्यपाल ने कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने तपस्या और साधना के माध्यम से योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाया। योग का उद्देश्य केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मन और बुद्धि को भी स्वस्थ एवं संतुलित रखना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है और इसे दैनिक जीवन में शामिल करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि योग के माध्यम से स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक समाज का निर्माण किया जा सकता है।