बरनाला शहर की सरकारी पनसप गैस एजेंसी के बाहर उस समय माहौल गरमा गया, जब बड़ी संख्या में उपभोक्ता बुक किए गए गैस सिलिंडर लेने पहुंचे, लेकिन उन्हें सिलिंडर नहीं मिले। हैरानी की बात यह रही कि एजेंसी रिकॉर्ड में संबंधित सिलेंडर पहले ही ‘डिलीवर’ दिखाए जा चुके थे। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने एजेंसी के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि उन्होंने 15-20 दिन पहले सिलेंडर बुक करवाए थे, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। जब वे एजेंसी पहुंचे तो पता चला कि उनके नाम पर सिलिंडर पहले ही डिलीवर दिखाया गया है। इससे लोगों में भारी रोष फैल गया और उन्होंने एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। उनका कहना था कि बाजार में सिलिंडर को ब्लैक में बेचे जा रहे हैं, जबकि वास्तविक उपभोक्ताओं को समय पर सप्लाई नहीं मिल रही। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, पनसप गैस एजेंसी के मैनेजर ने सफाई देते हुए कहा कि सिलिंडर की डिलीवरी की जिम्मेदारी ठेकेदार की होती है। पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और संबंधित कॉन्ट्रैक्टर से भी जवाब तलब किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी टीम सहित मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि जिन लोगों के सिलेंडर बुक होने के बावजूद नहीं पहुंचे हैं, उनकी जांच की जाएगी। साथ ही, अगर कालाबाजारी या किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों ने फिलहाल शांतिपूर्वक अपनी मांगें रखीं, लेकिन चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।