मोगा सिविल अस्पताल के आर्थो वार्ड के बाथरूम से रविवार देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति की लाश बरामद हुई। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में भर्ती एक मरीज के रिश्तेदार ने जब बाथरूम का दरवाज़ा खोला तो अंदर एक व्यक्ति फर्श पर पड़ा मिला। उसने तुरंत अस्पताल स्टाफ को इसकी सूचना दी। अस्पताल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया और मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इस मामले में मोगा सिविल अस्पताल के एसएमओ ने बताया कि अर्थो वार्ड के बाथरूम से रविवार देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक कौन था और अस्पताल कैसे पहुंचा।