पठानकोट-जालंधर मार्ग पर संगेड़ पुल के पास एक ट्रक ड्राइवर से 80 हजार रुपये लूटकर एक शातिर फरार हो गया। जबकि दूसरे को ट्रक ड्राइवर ने पकड़ लिया। चंदन शर्मा निवासी ज्वाली ने बताया कि वह अपने ट्रक में होशियारपुर से वापस आया था। सुबह करीब 4:45 बजे ट्रक में सोया हुआ था तब किसी ने उसके ट्रक का शीशा तोड़कर उस पर स्प्रे कर दी जिसके चलते वह होश खो बैठा। थोड़ी देर बाद जब ट्रक का दरवाजा खुला तब उसने बेसुध हालत में देखा कि एक व्यक्ति ट्रक का दरवाजा खोलकर भाग रहा है, जिसका उसने तुरंत पीछा किया। सड़क के दूसरी तरफ एक अन्य व्यक्ति जो मोटरसाइकिल पर सवार था, उसे पर बैठने की कोशिश करने लगा। तभी ट्रक चालक ने एक आरोपी को वहीं दबोच लिया और दूसरा पैदल ही भाग गया। मौके पर थाना डमटाल पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया है। डीएसपी इंदौरा संजीव यादव ने बताया कि आरोपी की पहचान पवन कुमार निवासी लखनपुर, जम्मू कश्मीर के तौर पर हुई है। दूसरा आरोपी रामपाल वह भी लखनपुर का रहने वाला है उसकी तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।