नंगल से सटे हिमाचल प्रदेश के गोलथाई औद्योगिक क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क का एक हिस्सा खुदा हुआ था, जबकि दूसरे हिस्से में रिटेनिंग वॉल (डंगा) का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान संकरी सड़क से गुजर रहा सरिया से लदा एक ट्राला अनियंत्रित होकर खाई की ओर झुक गया और किनारे पर जाकर फंस गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्राले और उसमें लदे सरिए को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन काफी देर तक प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद ट्रक चालकों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना था कि संकरी सड़क पर निर्माण कार्य के बावजूद न तो उचित यातायात प्रबंधन किया गया और न ही सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। चालकों के अनुसार, घटना के बाद ठेकेदार को कई बार फोन किए गए, लेकिन काफी देर तक ट्राले को निकालने के लिए कोई मशीनरी मौके पर नहीं पहुंची। बाद में दो क्रेनों की मदद से ट्राले को खाई के किनारे से बाहर निकालने का प्रयास किया गया। घटना के चलते लंबे समय तक यातायात बाधित रहा।