फरीदकोट शहर में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर समाजसेवी संस्थाओं की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को देश की एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया गया। यात्रा में विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों के अलावा स्कूली विद्यार्थियों तथा भाजपा नेताओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व समाजसेवी डॉ. संजीव गोयल ने किया। हाथों में तिरंगे झंडे लेकर बड़ी संख्या में लोगों और विद्यार्थियों ने देश के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान का प्रदर्शन किया। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारे भी लगाए गए, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। तिरंगा यात्रा में शामिल स्कूली विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वतंत्रता के महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इस तरह की गतिविधियां बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं को देश के स्वतंत्रता संग्राम तथा शहीदों के बलिदान के बारे में जानने का अवसर मिलता है। इस मौके पर डॉ. संजीव गोयल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि उन महान शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।