पंजाब के पूर्व सीएम व कांग्रेसी नेता चरणजीत सिंह चन्नी के अपर व लोअर कास्ट वाले बयान पर कांग्रेस पार्टी में सियासत पूरी तरह गरमाई हुई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह वड़िंग ने कहा कि पंजाब मे जात-पात से जो खेलेगा वह जल जाएगा क्योंकि पंजाब एक सेक्युलर सूबा है। यहां जातिवाद की बात करना मतलब सुसाइड करने जैसा है। वड़िंग ने कहा कि वे पूर्व सीएम चन्नी का वीडियो देखकर हैरान है, जिसमें वे पंजाब कांग्रेस की जिम्मेदार ओहदों पर अपर कास्ट नेताओं की तैनाती संबंधी बात कर रहे हैं। वे कैसे भूल गए कि वे भी लोअर कास्ट से हैं और पार्टी ने सबको दरकिनार कर उन्हें सूबा का मुख्यमंत्री बनाया था। वड़िंग ने कहा कि दलित हमारे सिर का ताज है और रहेंगे। चन्नी से यदि जाने-अनजाने में इस तरह की विवादित बात निकल गई है, तो उन्हें माफी मांग लेनी चाहिए। पंजाब में बिना सीएम फेस के चुनाव लड़ने के सवाल पर वड़िंग ने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ही हमारा चेहरा हैं, उन्हें के दम पर हम पंजाब में चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि पूर्व सीएम चन्नी के बयान से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा और न वर्करों व नेताओं में लोअर व अपर कास्ट के संदर्भ में कोई मसला है। सब एकजुट होकर कांग्रेस की जीत के लिए चुनाव लड़ेंगे।