शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस की मौजूदगी में सात पीसीआर मोटरसाइकिलों और एक महिला पेट्रोलिंग स्कूटर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के जरिए पुलिसकर्मी अलग-अलग शिफ्टों में 24 घंटे शहर में गश्त करेंगे। इस मौके पर स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस की नियमित गश्त से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और शहरवासी बिना किसी डर के अपना कारोबार कर सकेंगे। उन्होंने नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी देते हुए लोगों से अपराधों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने लोगों को ‘सेफ पंजाब’ ऐप का इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित किया। एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि व्यापारियों की मांग पर ये वाहन उपलब्ध करवाए गए हैं, ताकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। व्यापारियों और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए एक विशेष समूह भी बनाया गया है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंच सके और समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर एसपी (मुख्यालय) जसप्रीत सिंह, डीएसपी संजीव कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।