बाघापुराना में कच्चे मकानों की मरम्मत के लिए केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही योजना के तहत दूसरी किस्त नहीं मिलने से नाराज एक व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़ गया। व्यक्ति की पहचान गुरलाभ सिंह नाथो गांव नाथोके के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि योजना के तहत दूसरी किस्त की राशि जारी नहीं होने से वह नाराज था। इसी के विरोध में वह पानी की टंकी पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गुरलाभ सिंह पानी की टंकी से सुरक्षित नीचे उतर आया।