पंजाब बंद की कॉल और रेलवे यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जीआरपी थाना फिरोजपुर की ओर से रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान स्पेशल डीजीपी जीआरपी पटियाला और डीएसपी जोनल जीआरपी फिरोजपुर के दिशा-निर्देशों के तहत किया गया। पैसेंजर अवेयरनेस एवं सर्च ऑपरेशन के तहत जीआरपी कर्मचारियों ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों, ट्रेनों, वेटिंग एरिया, मोटरसाइकिल पार्किंग, एंट्री-एग्जिट गेट सहित अन्य स्थानों की बारीकी से जांच की। इसके अलावा स्टेशन परिसर में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की भी तलाशी ली गई। चेकिंग के दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जीआरपी कर्मचारियों ने यात्रियों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि उन्हें रेलवे स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस सामान अथवा संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे छूने के बजाय तुरंत नजदीकी जीआरपी या आरपीएफ को इसकी सूचना दें। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे परिसर में सतर्कता लगातार जारी रहेगी।