अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड स्केट गेम्स-2026 में भाग लेकर लौटे आरएस इंटरनेशनल स्कूल, फिरोजपुर छावनी के होनहार विद्यार्थी अभयजोत सिंह भुल्लर का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर राजनीतिक, सामाजिक और शिक्षा जगत की प्रमुख हस्तियों ने उन्हें सम्मानित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी के लिए बधाई दी। अभयजोत की उपलब्धि को सीमावर्ती क्षेत्र फिरोजपुर के लिए गर्व की बात बताया गया। विधायक रणबीर सिंह भुल्लर ने अभयजोत को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं का खेलों में आगे बढ़ना समाज और देश के लिए गर्व की बात है। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि अभयजोत की उपलब्धि अन्य बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। समारोह में डिप्टी डीईओ डॉ. सतिंदर सिंह, स्कूल प्रबंधक हरचरण सिंह सामा, डीएसपी करण शर्मा, प्रिंसिपल सोनिया राणा, सतलुज प्रेस क्लब के प्रधान गुरनाम सिद्धू, शहीद ऊधम सिंह ट्रस्ट के प्रधान भगवान सिंह सामा और प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान नरेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने अभयजोत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की।