फिरोजपुर के एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि सीआईए स्टाफ जीरा की टीम ने आरोपी आकाशदीप सिंह वासी बेटू कदीम व रोबिन कुमार वासी पंजेके उताड़ को काबू कर एक किलो 536 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। पूछताछ दौरान रोबिन ने स्वीकार किया कि उसके घर पर हेरोइन की खेप पड़ी है। सीआईए स्टाफ ने दबिश देकर रोबिन के घर से चार किलो 171 ग्राम हेरोइन बरामद की। उक्त आरोपियों ने बताया कि उनका तालमेल आरोपी संतोष रानी वासी गांव सोढ़े वाला और उसके बेटे के साथ है। सभी मिलकर पाकिस्तान से हेरोइन की खेप मंगवा कर आगे सप्लाई करते हैं। पुलिस ने संतोष रानी के घर पर छापेमारी कर वहां से दो किलो 151 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पूछताछ दौरान उक्त आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि वह कई लोगों को हेरोइन सप्लाई कर चुकी हैं। हाल ही में उक्त आरोपियों ने पाकिस्तान से दस किलो हेरोइन मंगवाई थी। एसएसपी ने बताया कि उक्त महिला अपने बेटे के साथ मिलकर हेरोइन बेचते थे ताकि कोई इन पर शक ना कर सके। पिछले लगभग सात माह से पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाकर आगे सप्लाई कर रहे हैं। आरोपियों का संपर्क पाकिस्तान में बैठे तस्कर शाह पठान से था। पठान ही बताता था खेप कहां सप्लाई करनी है।