फिरोजपुर के विधानसभा जीरा में किसानों और मजदूरों की मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे किसान नेता मंगल सिंह संधू शाहवाला अपने सैकड़ों साथियों के साथ शेर-ए-पंजाब किसान यूनियन में शामिल हो गए। इस अवसर पर उनके निवास पर एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरिंदर सिंह भंगू सहित कई प्रदेश स्तरीय नेता पहुंचे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गुरिंदर सिंह भंगू ने कहा कि मंगल सिंह संधू लंबे समय से किसान हितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्होंने कई आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने संधू और उनके साथियों का यूनियन में स्वागत करते हुए उन्हें पंजाब का प्रेस सचिव और मीडिया इंचार्ज नियुक्त किया। इस दौरान दीपक भारगो को सह-मीडिया इंचार्ज पंजाब, बलराज सिंह सिद्धू को जिला कमेटी सदस्य, लखबीर सिंह लंबरदार को जिला फिरोजपुर का सलाहकार और बलजिंदर सिंह संधू को ब्लॉक जीरा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। भंगू ने बताया कि किसानों-मजदूरों की लंबित मांगों, एमएसपी की कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने, कर्ज माफी और लैंड पूलिंग योजना वापस लेने सहित अन्य मुद्दों को लेकर 5 अगस्त को पंजाब के जिला मुख्यालयों पर धरने-प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने 15 अगस्त को मोहाली स्थित इंसाफ मोर्चे में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील भी की।