मोगा के बाघापुराना पुलिस टीम और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ हुई है। जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। वीरवार देर शाम को बाघापुराना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जेसिंहवाला रोड पर मेहेक सिंह निवासी रौंता अवैध हथियारों के साथ मोटरसाइकिल पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को एक गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए मोगा सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जांच में पता चला है कि आरोपी चार अलग-अलग मामलों में वांटेड है। मौके से पुलिस ने आरोपी के पास से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। जानकारी के अनुसार 26 सितंबर को माड़ीमुस्तफा में एक किराने की दुकान पर फायरिंग की घटना हुई थी, वहीं 4 अक्तूबर को गांव माड़ीमुस्तफा में एक ज्वेलरी दुकान मालिक को फोन पर फिरौती मांगी गई थी। फिरौती की मांग के कुछ मिनट बाद ही दुकान पर 3-4 राउंड फायरिंग की गई थी और आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इसके अलावा राजेआने क्षेत्र में भी इसी तरह की फिरौती और फायरिंग की घटनाएं हुई थी।