दीपावली रोशनी का त्योहार है, जिसे लेकर हर घर में तैयारियां की जा रही हैं। लेकिन दूसरी तरफ, लोगों के घरों को मिट्टी के दीओं से रोशन करने वाला कुम्हार समुदाय खुद आर्थिक बदहाली के अंधेरे में जीवन यापन के लिए मजबूर है। एक समय था जब मिट्टी के दीये और बर्तन बनाना इस समुदाय की पहचान हुआ करती थी, लेकिन आधुनिकता, दूसरे राज्यों से आने वाले सामान और चीन की बनी दीपमालाओं (लाइट्स) ने इस पारंपरिक व्यवसाय को बड़ी चोट पहुंचाई है। ऊपर से इस बार भारी बारिश और बाढ़ के कारण मिट्टी तथा अन्य जरूरी सामान के नुकसान ने इनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कुम्हार सुरिंदरपाल सिंह शिंदा ने सरकार और सामाजिक संगठनों से मदद की गुहार लगाई है। तस्वीरें श्री आनंदपुर साहिब के पास स्थित गांव चंडेसर की हैं, यहां कुम्हार समुदाय से संबंधित सुरिंदरपाल सिंह शिंदा दीपावली के त्योहार को लेकर मिट्टी के दीये और अन्य बर्तन तैयार करके अपना गुजारा चलाने की कोशिश कर रहे हैं। मिट्टी तैयार करने से लेकर बर्तन बनाने, धूप में सुखाने और फिर भट्टी में पकाने तक की पूरी प्रक्रिया में काफी मेहनत लगती है। इस काम के लिए कुम्हारों को खास किस्म की मिट्टी और रेत खरीदनी पड़ती है। इसके बाद पारंपरिक औजारों की मदद से दीये, चाटियां, घड़े और अन्य बर्तन तैयार किए जाते हैं।