पंजाब सरकार के रंगला पंजाब मिशन के तहत चलाए जा रहे युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान और पंजाब पुलिस के संपर्क मुहिम के अंतर्गत वीरवार को पंजाब पुलिस की तरफ से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मोगा के एक निजी पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में एडीजीपी शिव कुमार वर्मा, डीआईजी फरीदकोट रेंज अश्वनी कपूर, एसएसपी अजय गांधी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मोगा जिले के स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया साथ ही वे नौजवान जिन्होंने नशा छोड़ दिया है, उन्हें मोगा पुलिस द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एडीजीपी शिव कुमार वर्मा ने कहा कि पंजाब पुलिस प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। जिले की पुलिस गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर रही है।