पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के तीसरे अबोहर दौरे के बाद स्थानीय विधायक संदीप जाखड़ ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार के अबोहर के प्रति रवैये को लेकर निराशा व्यक्त की। विधायक जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री के रवैये से ऐसा लगता है कि या तो आम आदमी पार्टी सरकार अबोहर को पंजाब का हिस्सा नहीं मानती या फिर यहां के लोगों से कोई पुरानी नाराजगी है। विधायक ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र अबोहर के लिए दौरे के दौरान किसी भी नई विकास परियोजना की घोषणा नहीं की गई। 'रंगला पंजाब' योजना के तहत अबोहर हल्के के रोके गए 5 करोड़ के फंड को जारी करने पर मुख्यमंत्री ने एक शब्द भी नहीं कहा। विधायक संदीप जाखड़ ने इसे आप सरकार का अबोहर के प्रति उदासीन और गैर-जिम्मेदाराना रवैया करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के पास चुने हुए विधायक से मिलने के लिए 2 मिनट का समय भी नहीं था।