मोगा नगर निगम को नया मेयर मिल गया है। आम आदमी पार्टी के समर्थित उम्मीदवार प्रवीण शर्मा को मेयर चुना गया है। इससे पहले मेयर के चुनाव के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब आम आदमी पार्टी और अकाली दल के पार्षदों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गई। अकाली दल और कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने उनके कुछ पार्षदों को अपने पक्ष में कर लिया है। इन आरोपों के विरोध में अकाली दल और कांग्रेस के सभी पार्षदों ने चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार किया और डीसी मीटिंग हॉल से बाहर निकलते समय आपस में भी भिड़ गए। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बावजूद चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई। कुल 50 पार्षदों में से 31 पार्षदों ने समर्थन देकर प्रवीण शर्मा को मोगा नगर निगम का नया मेयर चुना। प्रवीण शर्मा की जीत के बाद मोगा में आप कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।