पंजाब पुलिस के "ऑपरेशन प्रहार 4.0" के तहत बटाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 102 मामलों में केस दर्ज किए और 64 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह अभियान एसएसपी बटाला डॉ. सुहैल कासिम मीर के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें जिला पुलिस की विभिन्न टीमों के साथ गजटेड अधिकारियों, थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 56 ग्राम हेरोइन, 120 नशीली गोलियां, 150 ग्राम सोना तथा एक बाइक बरामद की। अभियान में पांच पीओ (भगोड़े अपराधियों) को भी गिरफ्तार किया गया। इस विशेष अभियान में 4 एसपी, 8 डीएसपी, 355 एनजीओ और 435 ईपीओ सहित कुल 808 पुलिस कर्मियों ने हिस्सा लिया। पुलिस ने जिलेभर में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की। एसएसपी ने कहा कि बटाला पुलिस संगठित अपराध, गैंगस्टर गतिविधियों और नशा तस्करी पर लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या स्थानीय थाने को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।