पंजाब में भीषण ठंड का दाैर जारी है। न्यूनतम तापमान में बुधवार को 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पंजाब में 5.3 डिग्री के तापमान के साथ गुरदासपुर सबसे ठंडा रहा। पंजाब में कई जगहों पर घने से बेहद घना कोहरा पड़ा। कोहरे के कारण लुधियाना में दृश्यता 500 मीटर और अमृतसर व पटियाला में 800-800 मीटर दर्ज की गई है। अमृतसर में कोहरे से उड़ानें भी प्रभावित हुईं। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिन पंजाब में बेहद घना कोहरा पड़ने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान पंजाब के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 27 दिसंबर से वेस्टर्न हिमालयन रीजन को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा। यह विक्षोभ कमजोर है इसलिए इससे पंजाब के मौसम पर कोई ज्यादा असर पड़ने की संभावना फिलहाल नहीं लग रही है। आने वाले छह दिनों के दौरान पंजाब का मौसम शुष्क ही बना रहेगा।