पंजाब को दहलाने के लिए इस साल सीमा पार से कई साजिशें रची गईं। आतंकियों को पंजाब भेजा गया और यहां मौजूद नेटवर्क तक असलहा पहुंचाया गया। आईईडी, आरडीएक्स, हैंड ग्रेनेड व रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) के जरिये सूबे की शांति को भंग करने के कई प्रयास किए गए मगर पंजाब पुलिस की मुस्तैदी ने इन सभी साजिशें को विफल कर दिया। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि देश विरोधी ताकतों से सख्ती से निपटा जाएगा। इस साल अभी तक पंजाब पुलिस ने आतंकियों के 19 मॉड्यूल पकड़े हैं और इनके 131 गुर्गाें को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियाें के कब्जे से 9 राइफलें, 188 पिस्टल, 12 आईईडी, 11.62 किलो आरडीएक्स, 32 डेटोनेटर, 54 हैंड ग्रेनेड व 4 आरपीजी बरामद किए गए हैं। इसी तरह सीमा पार ड्रग्स सिंडिकेट पर भी पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। नशे के खिलाफ छेड़े अभियान के तहत कुल 29784 मामले दर्ज किए गए। नशा तस्करी के 39867 आरोपी काबू किए गए जिनके कब्जे से 2021 किलो हेरोइन बरामद की गई। 548 आरोपियों की 263 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज की गई।